पीले रंग की बुनाई - उद्‌भ्रान्त

उद्‌भ्रान्तउद्‌भ्रान्त4 Sept 1948

3 min read · 12.4K reads

जाड़े की धूप उमड़ आई

ठिठुर रही
किरणों के पंख खुल गए
मौसम में
मतवाले शंख घुल गए
रजतवर्ण
होंठों से
सूरज ने सोने की बाँसुरी बजाई
जाड़े की धूप उमड़ आई

पसर गई
दूर तलक गुनगुनी हवा
गुनगुनी हवा
कि प्राण की मदिर दवा
चित्रपटी पर नभ की
उभरने लगी पीले रंग की बुनाई
जाड़े की धूप उमड़ आई

कुहरीली
चादर में आग लग गई
पूरब की
परी पलक खोल जग गई
इठलाकर बढ़ी, और
सन्नाटे की उसने तोड़ दी कलाई
जाड़े के धूप उमड़ आई
उद्‌भ्रान्त
About the poet

उद्‌भ्रान्त

सुपरिचित कवि-लेखक। कविता सहित साहित्य की विभिन्न विधाओं में सौ से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। मूल नाम : रमाकांत शर्मा जन्म : 04/09/1948 | झुंझुनू, राजस्थान

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like