मौसी

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

1 min read · 12.4K reads

वेटिंग रूम में

सब कुछ छोड़ आए अजीब चेहरे हैं

त्वचा चू रही है और जमीन ग़ायब

समय की शुरुआत से जमा हुआ

एक बर्फ़ीला वॉल क्लॉक व्यंग्य मुद्रा में

टेढ़ा टँगा हुआ

सिहर-सिहर कर अपनी सुई हिलाता है

यह कौन-सा प्लेटफ़ॉर्म है?

एक भावशून्य बिना चेहरे का बूढ़ा

पूछ कर चला जाता है

उसे कहीं नहीं जाना

बस पूछ कर टेढ़ी हँसी हँसता है

और दूसरों को यहाँ से कहीं दूर भेज देता है

तभी एक व्यस्त ट्रेन तेज़ी से आती है

सीटी बजाती हुई

उसमें लदे हैं

नीले भावहीन चेहरे पथरीली मूर्च्छा में

नीली आँखें नीले शून्य में टिकी हुईं

नीली पटरी पर नीली ठंडक में निकल जाती है

नीली ट्रेन

मैं हाँफता हुआ वेटिंग रूम में पहुँचता हूँ

यह कौन सा प्लेटफ़ॉर्म है?

वह पूछता है

और खिखिया कर चला जाता है

नीली धुँध में

ज़मीन नहीं है वॉल क्लॉक अकड़ा हुआ

वेटिंग रूम ख़ाली

तुम जा चुकी हो नीला चेहरा लगाकर

उस व्यस्त ट्रेन में

तुम्हें पुकार रहा हूँ बेतहाशा

मैं वह गोद ढूँढ़ रहा हूँ जिसमें मेरा बचपन सहेजा हुआ है

मैं वह आवाज़ खोज रहा हूँ मुझे पुकारती हुई

मैं वह हृदय तलाश रहा हूँ जिसमें सुकून से था

अब तक

मैं खोज रहा हूँ तुम्हें

और जहाँ-जहाँ तुम हो सकती थी

मौसी!

वहाँ नीला पथरीला सन्नाटा है

विलाप के बाद छूटा हुआ शून्य है।

तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like