यह एक अमानुषिक पॉलिटिकल थ्रिलर है बेबी

त्रिभुवनत्रिभुवन

1 min read · 12.4K reads

वे कहते हैं :

जहाँ डार्क है, वहाँ स्पार्क है

जहाँ लाइट है, वहाँ कहाँ स्काईलार्क है

जहाँ मेरा और तुम्हारा पेन है, बेबी

और हम मिलकर आँसू बहा रहे हैं

वहाँ उनका प्लेज़र है बेबी

एक कोर्स चल रहा है

हर कोई हर किसी को आनंदातिरेक में मसल रहा है बेबी

मैं जब कुछ भी प्रश्न करता हूँ बेबी

वे कहते हैं

यह फ़ीयर्स का समय नहीं है

यह टीयर्स का समय नहीं है

आपको अपना रक्त देते रहना है

वरना तो यह ऐसे ही बहना है

लेकिन मुझे लगता है बेबी

यह जो उनका पैराडाइज़ है

मेरा और तुम्हारा वार ज़ोन है

वे जो ईवरीबॉडी की बातें करते हैं बेबी

अब या तो नोबॉडी हैं

या फिर उनके लिए कुछ ख़ास बॉडी हैं बेबी

कुछ प्योर और बाक़ी सब डर्टी हैं बेबी

बीटी कॉटन बीनने गई बहनें बेबी

सुदूर किसी कुएँ से खारा पानी लाने गई माँ बेबी

बिजली के तार से फंदा बनाने की सोच रहा पिता बेबी

और फूस की झोपड़ियों में जीवित जलते हुए बच्चे हैं बेबी

यह कोई लोकतंत्र-वोकतंत्र नहीं है

यह एक अमानुषिक पॉलटिकल थ्रिलर है बेबी

तुम जिसे लाइट रूम कह रही हो

वह डार्क रूम है बेबी

वह वार ज़ोन है बेबी!

त्रिभुवन
About the poet

त्रिभुवन

सुपरिचित कवि-लेखक और पत्रकार।

View profile & all 40 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like