शिशिर की शर्वरी में

त्रिभुवनत्रिभुवन

1 min read · 12.4K reads

कोकिलों से कहो :

कूक उठें

गूँजा दें सारा वातावरण

कुहू-कुहू से!

भौंरों से कहो :

भीर बनकर गूँजा करें

कमल-दल से बोलो :

उनके स्वागत में खिला करें?

कहो :

सौरभ समीर से

डोल उठे

और सरसा दे रेसकोर्स रोड को!

बोलो :

लवंगन की लतिकाओं से

फूल उठें लोनी-लोनी

सत्तारूढ़ दल के कार्यालय परिसर में।

सुनो,

कदंब की डालियो

झूल उठो

और राजभवनों में सुख पावने

मौसम लेकर आओ!

कहो :

चकोरों से

चहकें हर शास्त्री भवन में

कर-कर शोर उठें!

शुक-सारिकाओ,

मत बैठो मौन

विनोद उपजाया करो

न्यायपालिका की वीथियों में!

करो ई-मेल

गुलाबों की कलियों को

समय पर चटखा करें

प्रधानमंत्री के स्वागत में!

सरोज-पुंज से कहो :

खिल-खिल उठे

सुषुप्ति छोड़े

और संसद में भी खिला करे!

ऋतुराज के स्वागत में

जैकेट विज्ञापन प्रकाशित करो :

मराल से कहो,

प्रधानमंत्री के विशेष विमान में भी टहला करे

सोया न रहे शिशिर की शर्वरी में!

त्रिभुवन
About the poet

त्रिभुवन

सुपरिचित कवि-लेखक और पत्रकार।

View profile & all 40 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like