मेरे पासपोर्ट का रंग - तेजेन्द्र शर्मा

तेजेन्द्र शर्मातेजेन्द्र शर्मा21 Sept 1952

5 min read · 12.4K reads

मेरा पासपोर्ट नीले से लाल हो गया है
मेरे व्यक्तित्व का एक हिस्सा
जैसे कहीं खो गया है

मेरी चमड़ी का रंग आज भी वही है
मेरे सीने में वही दिल धड़क़ता है
जन ग‌ण मन की आवाज़, आज भी
कर देती है मुझे सावधान !
और मैं, आराम से, एक बार फिर
बैठ जाता हूं, सोचना जैसे टल जाता है
कि पासपोर्ट का रंग कैसे बदल जाता है

भावनाओं का समुद्र उछाल भरता है
आइकैरेस सूरज के निकट हुआ जाता है
पंख गलने में कितना समय लगेगा?
धडाम! धरती की खुरदरी सतह
लहु लुहान आकाश हो गया!
रंग आकाश का कैसे जल जाता है?
पासपोर्ट का रंग कैसे बदल जाता है?

मि्त्रों ने देशद्रोही कर दिया करार
लाख चिल्लाया, लाख की पुकार
उन्हें समझाया, अपना पहलू बताया
किन्तु उन्हें, न समझना था
न समझे, न ही किया प्रयास
मित्रों का व्यवहार कैसे छल जाता है!
कि पासपोर्ट का रंग कैसे बदल जाता है

जगरांव से लुधियाना जाना,
ग्रामद्रोह कहलायेगा
लुधियाने से मुंबई में बसना
नगरद्रोह बन जायेगा
मुंबई से लंदन आने में
सब का ढंग बदल जाता है
पासपोर्ट का रंग बदल जाता है
तेजेन्द्र शर्मा
About the poet

तेजेन्द्र शर्मा

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like