लंदन में बरसात - तेजेन्द्र शर्मा

तेजेन्द्र शर्मातेजेन्द्र शर्मा21 Sept 1952

4 min read · 12.4K reads

ऐसी जगह पे आके बस गया हूं दोस्तो
बारिश का जहां कोई भी होता नहीं मौसम
पतझड़ हो या सर्दी हो या गर्मी का हो आलम
वर्षा की फुहारें बस, गिरती रहें हरदम

मिट्टी है यहां गीली, पानी भी गिरे चुप चुप
ना नाव है काग़ज़ की, छप छप ना सुनाई दे
वो सौंघी सी मिट्टी की ख़ुशबू भी नहीं आती
वो भीगी लटों वाली, कमसिन ना दिखाई दे

इस शहर की बारिश का ना कोई भरोसा है
पल भर में चुभे सूरज, पल भर में दिखें बादल
क्या खेल है कुदरत का, ये कैसे नज़ारे हैं
सब कुछ है मगर फिर भी ना दिल में कोई हलचल

चेहरे ना दिखाई दें, छातों की बनें चादर
अपना ना दिखे कोई, सब लगते हैं बेगाने
लगता ही नहीं जैसे यह प्यार का मौसम है
शम्मां हो बुझी गर तो, कैसे जलें परवाने
तेजेन्द्र शर्मा
About the poet

तेजेन्द्र शर्मा

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like