अपर्णा - तेज राम शर्मा

तेज राम शर्मातेज राम शर्मा25 Sept 1943

6 min read · 12.4K reads


अँधेरे मुँह
दुहती है वह गाय को
अंतिम बूँद तक
जैसे उसका लाडला
चूस डालता है उसके स्तन

चूल्हे पर आग की लपटो में
बिखर जाते हैं मोती
धुआँ धुंधले कर देता है
सारे सपने
आँसू बहते हैं पर
आँख के जालों को
साफ नहीं कर पाते
स्लेट पर खड़िया से लिखी
अधूरी इबारत
उसकी वापसी का इंतज़ार करती रहती है।

कंटीली झाड़ियों में
उलझे पंख
पता नहीं कब से
इंतज़ार करते रहते हैं
आकाश में उड़ने का
कमर में रस्सी की गाची पहने
तैयार है वह अजेय पहाड़ से लोहा लेने
बीज के साथ–साथ
बोती है वह पसीने की बूँदें
हम समझें माटी उर्वरा है।

रोटी को देती है नमकीन स्वाद
पहाड़ जैसी चट्टानों के नीचे कभी-कभी
झरने-सी खनकती हैं उसकी चूड़ियाँ
और मोतिया हँसी
तभी जंगल भर
गूँजती है उसके चूल्हे की पुकार

लाल-पीले रंगीन धाटु
कब तक छुपा पाएँगे
उसके चेहरे के उड़ते रंग

नमक की परतें उतार कर
जब भी वह हल्का महसूस करती है
तो रात की नीरवता को तोड़ता
दूर जंगल में कोई पक्षी
गा उठता है कोई आदिम गीत।
तेज राम शर्मा
About the poet

तेज राम शर्मा

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like