मुझे किसी ने पार नहीं होने दिया मैदान
जितनी बार मैं दौड़कर गई—आधी दूरी तक
अचानक पीछे से कपड़ा पकड़कर खींचा उन लोगों ने
डराया—
सामने खंदक में पसरकर सोया हुआ है चीता
पीपल से लिपटा हुआ है पीला ज़हरीला साँप
मैं भोली लडकी, कितना रोई थी!
मैदान के उस पार थी रानी पोखर, गुलमोहर का बगीचा
मैदान के उस पार था सफ़ेद कबूतरों का झुंड, तितलियाँ
मैदान के उस पार थे सफ़ेद-सफ़ेद
औचक नक्षत्र की तरह
दिखने वाले जुगनू
दैत्य और दानव की कहानी सुनते हुए सोई
स्वप्न में नीलरंगी पतंग के बदले
देखती रही चुड़ैल के पाँव, दानवों का देश
बड़ी होते-होते अब कितनी बड़ी हो गई हूँ!
फिर भी मुझे इत्ता-सा कमरा पार नहीं होने देते वे लोग
अब स्वप्न में नहीं, जागते हुए देखती हूँ चंद्बोरड़ा साँप
देखती हूँ कीड़े-मकोड़े, राक्षसों के घर, जंगली भैंसे
घर से बाहर निकलकर मैं आकाश नहीं देख पाती।








