'एक्स' नामक एक क्रोमोज़ोम चलते-चलते
एक और 'एक्स' नामक क्रोमोज़ोम के शरीर से जा लगा
वह 'वाई' नामक क्रोमोज़ोम के शरीर से भी सट सकता था
'एक्स' और 'वाई' के बीच कोई बुनियादी फ़र्क नहीं है
जैसे 'ए' और 'वी' में नहीं है या 'आर' और 'एस' में
'ए' और 'वी' कोई किसी से कम नहीं, 'ओ' और 'पी' में
किसी का वज़न या आयतन किसी से कम नहीं
वैसे ही ‘एक्स' और 'वाई' में कोई किसी से कम नहीं
‘एक्स-एक्स' से जन्म ले रहा है मनुष्य
जन्म ले रहा है ‘एक्स-वाई' से भी
एक-दो शारीरिक भिन्नता के अलावा दोनों में कोई फ़र्क नहीं
दोनों हँसते हैं, रोते हैं, खाते-सोते हैं। वे धीरे-धीरे
मानवीय दोष-गुणों से विकसित होते हैं—बड़े होते हैं
दोनों में कोई किसी से कम अर्थवान नहीं
काट-छाँट होने की कोई वजह नहीं, फिर भी एक ने
अपने हिस्से जल्दी से रख ली गद्दीदार कुर्सी,
बिस्तर का मोटा गद्दा, जायदाद का अस्सी फ़ीसदी हिस्सा और
मछली का माथा
और दूसरे के हिस्से रह गई जूठन और काँटा, रह गई
सस्ती आलता की शीशी और ख़ुशबूदार केश तेल
'एक्स' और 'वाई' के बीच अस्सी और बीस, ऊँच और
नीच, ज़्यादा और कम की कोई तुक नहीं। फिर भी
'एक्स' के कंधे पर चढ़कर बैठा है 'वाई', वह ख़ुशी से
पाँव हिला रहा है, सीटी मार रहा है, बगलें बजा रहा है।
एक्स के कंधे पर घाव, एक्स की जाँघों में दर्द, कमर में चोट।
आँखों के सामने यह असमानता देख रहे हैं सभी। फिर भी
कोई कुछ नहीं बोलता। हमारी ज़ुबान कटी है, होंठ सिले हैं,
हमारे हाथ बँधे हैं, पैरों में ज़ंजीर है।
हम सब क्या कभी कुछ नहीं बोलेंगे?








