क्या मेरे बाद,
वे ऐसे ही लहराएँगे,
जैसे आज?
मेरी ज़मीन पर,
बेतकल्लुफ़,
मुझसे पूछे बिना।
मेरा मौन
वे पत्ते खड़खड़ाते,
मैं धँसा ज़मीन में—
वे बहती हवा में आँख मूँदे,
मेरी ज़िद—वे ऊपर तक लोच खाते,
उघड़ती हड्डियाँ—वे धीरे से छूते आकाश,
मेरी छाँव—उनकी धूप,
मेरा घर—उनकी सारी हवा
...
बँटा है—
समय,
समय का स्पर्श,
वे पल भी,
जो नहीं बींधते,
मुझे, उनसे।
और—
मेरी गुमनामी में,
वे अनचाहे,
अगर न हो,
तो अतीत में,
छूट जाए एक गड्ढा।
वे नहीं चाहते मुझे,
पर,
मैंने ही शेयर मान ली,
अपनी ज़मीन और—
एक टुकड़ा उनका।
मेरा स्वार्थ,
मेरी चाहत।
वे नहीं आए,
मैंने उन्हें घेर लिया,
अपने ही घर में,
अपनी ज़मीन पर।
तभी तो, सालता है प्रश्न—
क्या मेरे बाद,
वे ऐसे ही लहराएँगे,
जैसे आज?








