उस के होंटों पर सुर महका करते हैं

Swapnil Kumar TiwariSwapnil Kumar Tiwari6 Oct 1984

1 min read · 12.6K reads

उस के होंटों पर सुर महका करते हैं

हम अब ख़ुश्बू से तर सोया करते हैं

रौशन रहते हैं ग़म सत्ह पे अश्कों की

ये पत्थर पानी पर तैरा करते हैं

दिन भर मैं इन की निगरानी करता हूँ

शब भर मेरे सपने जागा करते हैं

आँखें धोते हैं सोने के पानी से

जागते ही जो तुम को देखा करते हैं

वो जो झोंके जैसा आता जाता है

हम जो हवा को छू कर बिखरा करते हैं

पंद्रह दिन का हो कर मरने लगता है

क्यूँ हम चाँद को पाला पोसा करते हैं

हम को आँसू ही मिलते हैं सीप में भी

वो अश्कों में मोती रोया करते हैं

बोसा लेने में क्यूँ कट जाते हैं होंट

हम माँझे दाँतों से काटा करते हैं

अक्सर साँसें रोक के सुनता रहता हूँ

उस के लम्स बदन पर धड़का करते हैं

नींद खुले तो उस को पहलू में पाएँ

हम भी कैसे सपने देखा करते हैं

सारा ग़ुस्सा अब बस इस काम आता है

हम इस से सिगरेट सुलगाया करते हैं

Swapnil Kumar Tiwari
About the poet

Swapnil Kumar Tiwari

Swapnil Kumar Tiwari is a popular young poet. He was born on 06 October 1984 in Ghazipur, Uttar Pradesh.

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like