लुत्फ़ आ जाए मोहब्बत का मिरी जाँ मुझ को
हो वही दर्द तुझे जो है सितम-राँ मुझ को
तुम अगर जल्वा-नुमा हो तो हो वहदत कसरत
आइना-ख़ाना नज़र आए परिस्ताँ मुझ को
चूसते हैं दहन-ए-ज़ख़्म मज़े ले ले कर
लब-ए-माशूक़ है उस तीर का पैकाँ मुझ को
दिल-ए-अफ़सुर्दा ने अफ़्सोस कहीं का न रखा
सेहन-ए-गुलज़ार से अच्छा है बयाबाँ मुझ को
हाए शोर-अफ़गनी-ए-हुस्न-ए-मलीह-ए-क़ातिल
हर जराहत की सदा है कि नमक-दाँ मुझ को
कब उठाता है नक़ाब-ए-रुख़-ए-ज़ेबा वो शोख़
बस परेशाँ न कर ऐ ख़्वाब-ए-परेशाँ मुझ को
फ़िक्र थी रोज़-ए-अज़ल दें ग़म-ए-उल्फ़त किस को
हाथ फैला के पुकारा दिल-ए-इंसाँ मुझ को
घर में बैठा न गया राह में ठहरा न गया
ले गया शौक़ न जाना था जहाँ वाँ मुझ को
या सिखानी न थी उस शोख़ को ये तर्ज़-ए-जफ़ा
या न देना था इलाही दिल-ए-नालाँ मुझ को
एक ही दौर में मैं गिर के न सँभला साक़ी
गर्दिश-ए-जाम हुई गर्दिश-ए-दौराँ मुझ को
बात में टूट गया 'मेहर' मिला था शायद
दिल भी हो कर किसी बद-अहद का पैमाँ मुझ को








