चले हैं कैसे वो मुट्ठी में दिल छुपाए हुए
नज़र चुराए हुए आँख को बचाए हुए
किसी की शोख़ी-ए-रफ़्तार के मिटाए हुए
उठे जो हश्र के दिन भी तो कसमसाए हुए
नहीं है मंज़िल-ए-मक़्सूद दूर ऐ सालिक
क़सम ख़ुदा की चला चल क़दम बढ़ाए हुए
हया भी नाज़ है लेकिन न इस क़दर ज़ालिम
कि ख़्वाब में भी जो आए तो मुँह छुपाए हुए
जवाब शिकवा-ए-जौर-ओ-जफ़ा के अज़बर हैं
सबक़ रवाँ हैं उन्हें ग़ैर के पढ़ाए हुए
न जाएँ बज़्म-ए-अदू में कि पास-ए-तम्कीं है
हवाए-दीद न ले जाए गर उड़ाए हुए
समझ लिया था गए आप दीन-ओ-दुनिया से
सुना जो हज़रत-ए-दिल हैं किसी पे आए हुए
तुम्हारे कूचे में अग़्यार तो नहीं आते
किसी के नक़्श-ए-क़दम से हैं कुछ मिटाए हुए
रह-ए-तलाश में आया न चैन हम को 'मेहर'
कि ख़ार-ए-राह थे तलवों पे ख़ार खाए हुए








