रुला रुला ही के मुझ से चलो मिले तो सही
वो मुझ को चाहता है ये मुझे लगे तो सही
मैं उस की बातों का आख़िर यक़ीन क्यों न करूँ
वो हम-कलाम हो मुझ से नज़र मिले तो सही
वो मेहरबान हो मुझ पर ये हो तो सकता है
मगर ये हर्फ़-ए-गुज़ारिश कभी खुले तो सही
हमारे ज़ख़्म को है ख़ुद ही इंदिमाल का शौक़
वो नर्म लहजा लिए इस तरफ़ बढ़े तो सही
कभी कभी तो बहुत वो बुरा लगा है मुझे
मगर मैं क्या कहूँ दिल से बुरा लगे तो सही
मैं हँस के मिलती रही सब से आज महफ़िल में
ये सोच कर के चलो आज ये जले तो सही
मैं भूल जाऊँगी उस की जफ़ाओं को 'अंजुम'
मलाल उस को भी है ये पता चले तो सही








