किया था ज़ब्त का दावा मगर निभा न सके
हम अपने दिल की लगी दिल-लगी बना न सके
पहुँच के बज़्म में यूँ रोए हम कि गा न सके
ग़ज़ल तो ले के गए थे मगर सुना न सके
वो लम्बी डालियाँ सरसों की फूल सरसों के
जब आए गाँव से बरसों उन्हें भुला न सके
किसी की बज़्म का मंज़र जो देख आई हूँ
उन्हें मैं कैसे दिखाऊँ जो लोग जा न सके
न हँसिए हम पे कि हम तो हैं चोट खाए हुए
उन्हीं पे रोइए जो लोग चोट खा न सके
अजीब हुस्न है तेरा कि हम तिरी तस्वीर
बनाना चाह रहे थे मगर बना न सके
वो एक सुब्ह को आई थी रतजगों के बाद
फिर उस के बाद कोई रतजगा मना न सके
जब उस ने पूछा कि कैसा मिज़ाज है 'अंजुम'
जिगर में दर्द वो उट्ठा कि हम बता न सके








