वो औरत - नज़्म

सिया सचदेवसिया सचदेव6 Sept 1970

1 min read · 12.4K reads

घर की इज़्ज़त का भरम रखती रही वो औरत

ज़िंदगी जीती रही अपनी सँभाले हुरमत

अपने बच्चों के लिए जीती रही थी अब तक

ज़हर हालात का ख़ुद पीती रही थी अब तक

उम्र-भर ज़ुल्म-ओ-सितम हँसते हुए सहती रही

अपने ही आप से गुज़री जो उसे कहती रही

सिर्फ़ इक छत ही मिली प्यार का साया न मिला

मुतमइन ज़ीस्त का ग़ुंचा न कभी दिल का खिला

बाल-बच्चे भी जवाँ हो के हुए बेगाने

माँ पे क्या बीत गई उस से रहे अनजाने

लेकिन ये तौक़-ए-ग़ुलामी उसे अब तोड़ना है

वक़्त के धारे को अपनी ही तरफ़ मोड़ना है

अब जिएगी वो यहाँ ज़ात की ख़ातिर अपनी

एक दिन ख़ुद से मुलाक़ात की ख़ातिर अपनी

अपनी पहचान पे पैकर पे ये दिल वारेगी

हारती आई है अब और नहीं हारेगी

सिया सचदेव
About the poet

सिया सचदेव

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like