रात दिन आग में पला सूरज

सीमा शर्मा मेरठीसीमा शर्मा मेरठी

1 min read · 12.4K reads

रात दिन आग में पला सूरज

बन चराग़-ए-हरम जला सूरज

ज़िंदगी धूप छाँव दोनों है

हर किसी को सिखा गया सूरज

आज जी भर के धूप खानी है

मुद्दतों बअ'द है उगा सूरज

साँझ से अब विसाल होने को है

सहमा सहमा थका थका सूरज

सामना प्यास से हुआ जब जब

आब की सम्त चल पड़ा सूरज

भूल जा रात का चुभा काँटा

फूल अब तो खिला गया सूरज

कोई मज़हब नहीं लगा इस का

रौशनी इक सी दे गया सूरज

नूर ही नूर है मिरे अंदर

मुझ में 'सीमा' समा गया सूरज

सीमा शर्मा मेरठी
About the poet

सीमा शर्मा मेरठी

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like