भोजपुरी

सिद्धेश्वर सिंहSiddheshwar Singh

2 min read · 12.5K reads

जिह्वा का वह पहला आड़ोलन
गले से फूटी वह पहली पुकार
कानों में दाख़िल हुई वह पहली ध्वनि
नथुनों में बसी वह पहली सुवास
भाषा अपनी-सी वह पहली जो बनी माँ शब्द का पर्याय।

और ढंग से भी बोलते होंगे दुनिया के लोग
बेमानी और बेतुका रहा यह सवाल वर्षों तक
इसी की धूल सनी गोद में गुज़रा बचपन
इसी की सीधी राह चलकर पास आया कैशोर्य
और जब धीरे-धीरे भीगने लगी रेख
एक दिन समझाया कुछ समझदारों ने
कि एक इसी चीज़ को बिसार कर
जीवन-समर में हुआ जा सकता है एक सफल मनुष्य।

तबसे घूम रहा हूँ वन-वन
नाप रहा हूँ डगर-डगर
डोल रहा हूँ नगर-नगर
जगत के इस जगमग मेले में खोए हुए बालक-सा
भटक रहा हूँ कंठ में भरी हुई रुलाई लिए
कहना चाहता हूँ कुछ
शब्द और वाक्य में फूटने को दौड़ पड़ता है कुछ और।

यह कैसा पहरा है मेरी वाणी पर
तनी हुई है अदृश्य प्रत्यंचाएँ चहुँ ओर
दे दिया गया हूँ किसी युद्ध के मोर्चे पर निहत्था
दुश्मनों की पाँत में खड़े बताए जाते हैं स्नेही स्वजन
मैं उन्हें पुकारता हूँ किसी अनजानी शब्दावली में
और दूर होती जाती हैं अपनी परछाइयाँ हर बार।

चुप हूँ पर आए जा रही हैं हिचकियाँ लगातार
मन में रह-रह कर उठ ही जाती है एक हूक
यह कौन-सी भाषा है
आख़िर क्या है इसका नाम!

सिद्धेश्वर सिंह
About the poet

सिद्धेश्वर सिंह Siddheshwar Singh

जन्म- ११ नवंबर १९६३ को ग्राम मिर्चा, जिला: गाजीपुर, उत्तर प्रदेश में जन्म। शिक्षा- एम.ए. हिंदी और हिंदी कथा साहित्य के आंदोलन विषय पर पी-एच.डी.। प्रकाशित कृतियाँ- विभिन्न पत्रिकाओं में कवितायें , कहानियाँ, समीक्षा , अनुवाद व आलेख प्रकाशित। विदेशी कविताओं के अ…

View profile & all 17 Poems / Stories