बाबर और समरकंद

Shrikant Vermaश्रीकांत वर्मा

1 min read · 13.2K reads

बाबर समरकंद के रास्ते पर है

समरकंद बाबर के रास्ते पर

बाबर हर थोड़ी दूर पर

पूछता है,

समरकंद अब कितनी दूर है?

बाबर को कोई जवाब नहीं मिलता।

ऊपर चिलचिलाती हुई धूप है

नीचे धूल है,

बाबर का घोड़ा चलने में मशग़ूल है।

समरकंद अब कितनी दूर है?

बाबर चिल्लाता है।

कोई जवाब नहीं—

केवल बाबर का घोड़ा हिनहिनाता है।

बाबर के पहले

बाबर की ख़बर पहुँच चुकी है,

रास्तों पर भीड़ है,

बाबर भीड़ के बीच से गुज़रता है—

‘ख़ुदा के लिए।’ बाबर गिड़गिड़ाता है।

‘समरकंद अब कितनी दूर है?’

बाबर का सवाल

बाबर के पास लौट आता है।

बाबर सिज़दे में झुकता है

शहर देख रुकता है,

‘समरकंद! समरकंद!’ बुर्ज़ देख

बाबर किलकारी भरता है।

‘समरकंद पीछे रह गया है!’

कहता हुआ शहरयार

बाबर के पास से गुज़रता है।

बाबर समरकंद के रास्ते पर है

समरकंद बाबर के रास्ते पर।

Shrikant Verma
About the poet

Shrikant Verma श्रीकांत वर्मा

Shrikant Verma (18 September 1931 – 25 May 1986) was an Indian poet and a Member of Parliament from Madhya Pradesh as an INC candidate from 1976 to 1982 and 1982 to 1986. Verma died of cancer in 1986 in New York. Verma was born in Bilaspur city in the Indian…

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like