श्री गुरु चरण पखारिहूँ उर में प्रेम बढ़ाय

Shivadin Ram JoshiShivadin Ram Joshi10 Jun 1921 – 27 Jul 2006

6 min read · 12.7K reads

श्री गुरु चरण पखारिहूँ उर में प्रेम बढ़ाय |
पूज्य गणपति नमन हूँ, शिव शारद पुनि ध्याय ||
श्री सुमेरुदास जी संत को बंदऊँ बारंबार |
समरथ सिद्ध सुहावने ईश्वर के अवतार ||
अक्षर दो कोऊ प्रेम से राम नाम ले जान |
मूल मन्त्र ये ही सुनहु गावें वेद-पुराण ||

कथा रामावतार की वर्णन करूं विचार |
ता सुन के प्राणी सकल होवे भाव से पार ||

नृप खट्वांग के वंश में थे जो दशरथ भूप |
तेजवान धर्मज्ञ अरु सब गुण रूप अनूप ||
अयोध्या पुरी सुहावनी तहँ जन्मे श्रीराम |
दशरथ सुत हो अवतरे परब्रह्म सुख धाम ||

शेषावतार लक्ष्मण जी का उन सहित राम रघुनायक थे,
ऋषि विश्वामित्र के संग वो ही तो यज्ञ सहायक थे |
मारीच सुबाहु को मारा भगवन राम ने बचपन में,
मख की रखवारी करी वहां विकत भयंकर कानन में |
श्री गुरु के साथ जनकपुर में जाकर शिव-धनु खंडन कीना,
क्षण में धनु तोरी वरी सीता परशुराम मद मर्दन कीना |
आज्ञा पितु की प्रभु शीश धरी तनिक न चित्त उदास किया,
श्री राम लखन सीताजी ने दस चार बरष बनवास लिया |

पंचवटी में आय प्रभु ने पर्ण कुटी में वास किया |
सुर्पणखां का नाक काट असुरी के मद का नाश किया ||
खरदूषण त्रिसिरा आ पहुंचे सेना असुरों की साथ लिये |
पल में संहार अरि दल को धनुष बाण प्रभु हाथ लिये ||
यह समाचार सुन रावन ने कपटी योगी का वेष किया |
मारीच को मारण गये राम पीछे से छल कर हरी सिया ||
मारग में गीध जटायु ने लंकापती को ललकार दिया |
संग्राम हुआ अतिशय भारी रावन ने गीध परास्त किया ||
सागर पार पुरी लंका हर लाया रावन सीता को |
अशोक वाटिका में रक्खा जग जननी परम पुनीता को ||
माया के मृग को मार शीघ्र राम वापस आये |
कुटिया प्रभु ने सूनी देखी प्रिय सीताजी न वहां पाये ||
नर तन धारण करने से स्वामी ने बिलख विलाप किया |
चले सिया संधान प्रभु मारग में गीध मिलाप किया ||
कहा जटायु ने प्रभु से रावन ने सीता हरण किया |
परम भक्त प्रिय जान उसे रघुवर ने आपनी शरण लिया ||
संस्कार सब कर प्रभु ने गीध को भव से तारा है,
पुनि आगे जाकर रघुबर ने कबन्ध राक्षस मारा है |
सुग्रीव संग मित्रता की सब तरह उसे सुख साज दिया,
मारा बाली निज मित्र हेतु अरू किस्कंधा का राज दिया |
सीताजी की सुधी लेने को कपि भालू चतुर्दिक फ़ैल गये,
हनुमान वीर गये लंका में राक्षस गण कपि से दहल गये |
जाकर के सीता सुधी लीनी लंका में आग लगा दीनी,
जितने वहां राक्षस योद्धा थे सबकी शक्ति हनु हर लीनी |
कुशलानंद सीता की कही कपि सुत ने प्रभु से आकर,
लंका पर शीघ्र चढ़ाई की श्रीराम ने कपि भालू लेकर |
नल-नील आदि योद्धाओं को प्रभु ने आदेश सुनाया है,
पार किनारे जाने को वारिद पर सेतु बंधाया है |
भ्रात विभीषण रावण का रघुवीर की शरण में आया है,
लंका का राज दिया उसको निज हाथ से तिलक लगाया है |
उसी सेतु की राह राम ने लंका को घेर लिया जाकर,
कपि भालू शस्त्र सजीले थे श्री राम कृपा का बल पाकर |

लक्ष्मण अरु सुग्रीव कपि हनुमान होय क्रुद्ध |
अंगदादि नल-नील सब कर करने लगे महायुद्ध ||

महा बलि योद्धाओं ने अति घोर विकट संग्राम किया |
राक्षस केते मार-मार वीरों ने अपना नाम किया ||
इन्द्रजीत अरु कुम्भकरण रण सन्मुख जाय लडाई की |
पुनि इनके मारे जाने पर रावन ने स्वयं चढ़ाई की ||
श्री रामचंद्र ने रावन के हृदय में अग्नि बाण दिया |
अंत समय श्रीराम नाम ले रावन ने अपना प्राण दिया ||
उसे मुक्ति पद दे प्रभु ने दिना राज विभीषण को |
सिंहासन पर बैठाय उसे पाला प्रभु ने अपने प्रण को ||
सुखपाल में सीताजी को ले जब भक्त विभीषण आता था |
भालू वानर सबका ही मन तब दर्शन को ललचाता था ||
रघुनायक अन्तर्यामी ने उन सबके मन को जान लिया |
सबके दर्शन हित पदगामी सीताजी का आव्हान किया ||
श्रीराम चरण गहे सिया ने प्रभु मिले सिया से हर्षाकर |
बानर भालू सब सुखी हुये सीताजी के दर्शन पाकर ||
चरणों में गिरकर सीता के लक्ष्मणजी ने प्रणाम किया |
आनंद से अति हरष-हरष सीता ने आशीर्वाद दिया ||
पुष्य विमान में बैठ कर हर्ष चले रघुनाथ |
हनुमदादि सेनापति सीता को ले साथ ||
तीन दिवस में प्रयाग राज आकर प्रभु बोले योद्धा को |
संदेश भारत को शीघ्र ही दो जावो हनुमान अयोध्या को ||
भगवान राम की आज्ञा ले जाकर संदेश सुनाया है |
सुना भारत ने प्रभु आये उर में आनंद समाया है ||
गुरु वशिष्ठ अरु पुरवासी आनंद से लेने आये है |
हर्षित चित मन मुदित भरत चरणों में शीश झुकाये है ||
श्रीराम परे गुरु चरणों में विनय सहित प्रणाम किया |
पुनि भ्रात भरत को गले लगा शत्रुघ्न को विश्राम दिया ||
अनेक वाहनों पर बैठे श्रीराम अयोध्या आय रहे |
भगवान राम की जय बोलो सुर सकल पुष्प बरसाय रहे ||
सीता सहित राज मंदिर में लक्षमण राम पधारे है |
जननी के चरण परे भगवन् रघुकुल के राम उजियारे है ||
गुरु वशिष्ठ की आज्ञा ले श्रीराम विराजे आसन पर |
शुभ मुहूर्त में प्रभु रामचंद्र बैठे राज सिंहासन पर ||
यह मूल पाठ करने से जन सद् आनंद को भी पा जाता |
धन धान्य मिले सुख भोग सभी अरु अंत अमर पुर को जाता ||
रामावतार की मूल कथा कह सुन कर आनंद पते है |
शिवदीन सदा सत्संगी जन गुण राम प्रभु के गाते है ||
सहस्त्र पाठ जो नर करे तां पर राजी राम |
आनंद मंगल सुख लहे पूर्ण होय सब काम ||

Shivadin Ram Joshi
About the poet

Shivadin Ram Joshi

शिवदीन राम जोशी (जन्म : १० जून १९२१, खंडेला, सीकर जिला) एक भारतीय कवि थे। उनके साहित्य में सवैया, मनहर, मतगयंद, कुंडली छंद और कवित्त का प्रयोग तथा धमाल, भजन और गजलों का समावेश है। पद्यात्मक रचनाओं का विषय ज्ञान, वैराग्य, प्रेम, प्रकृति चित्रण, प्रार्थना और उप…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like