धूप

Shamsher Bahadur SinghShamsher Bahadur Singh13 Jan 1911 – 12 May 1993

1 min read · 12.8K reads

धूप थपेड़े मारती है थप्-थप्
केले के हातों से पातों से
केले के थंबों पर

खसर-खसर एक चिकनाहट
हवा में मक्‍खन-सा घोलती है

नींद-भरी आलस की भोर का
कुंज गदराया है
यौवन के सपनों से
अभी अनजान मानो

नावें उछलती हैं लहरों में बादलों के
हलकी हलकी मगन मगन
कि सीटियाँ-सी व्‍योम बजाता है चारों ओर
बेमानी तानें-सी आप ही आप गुनगुनाता है

चुंबन की मीठी पुचकारियाँ
खिला रहीं कलियों को फूलों को हँसा रहीं

घाँसों को गुदगुदियों न्हिला रहीं
नाच हैं खिल् खिल् खिल्

कुसुमों-से चरनों का लोच लिये
थिरक रही हैं
भीनी भीनी
सुगंधियाँ

क्‍यों न उसाँसें भरे
धरती का हिया

धूप की चुस्कियाँ
पिये जाय, आँख मीच, सोनीली माटी

कन्-कन् जिये जाय

थप्-थप् केले के पातों पर हातों से
हाथ् दिये जाय
थप थप्...

Shamsher Bahadur Singh
About the poet

Shamsher Bahadur Singh

शमशेर बहादुर सिंह 13 जनवरी 1911- 12 मई 1993 आधुनिक हिंदी कविता की प्रगतिशील त्रयी के एक स्तंभ हैं। हिंदी कविता में अनूठे माँसल एंद्रीए बिंबों के रचयिता शमशेर आजीवन प्रगतिवादी विचारधारा से जुड़े रहे। तार सप्तक से शुरुआत कर चुका भी नहीं हूँ मैं के लिए साहित्य अ…

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like