न पलटना उधर

Shamsher Bahadur SinghShamsher Bahadur Singh13 Jan 1911 – 12 May 1993

1 min read · 12.7K reads

न पलटना उधर

कि जिधर ऊषा के जल में

सूर्य का स्तम्भ हिल रहा है

न उधर नहाना प्रिये ।


जहां इन्द्र और विष्णु एक हो

-अभूतपूर्व!-

यूनानी अपोलो के स्वरपंखी कोमल बरबत से

धरती का हिया कंपा रहे हैं

- और भी अभूतपूर्व!-

उधर कान न देना प्रिये

शंख से अपने सुन्दर कान

जिनकी इन्द्रधनुषी लवें

अधिक दीप्त हैं ।


उन संकरे छंदों को न अपनाना प्रिये

(अपने वक्ष के अधीर गुन-गुन में)

जो गुलाब की टहनियों से टेढ़े-मेढ़े हैं

चाहे कितने ही कटे-छंटे लगें, हां ।


उनमें वो ही बुलबुलें छिपी हुई बसी हुई हैं

जो कई जन्मों तक की नींद से उपराम कर देंगी

प्रिये !

एक ऎसा भी सागर-संगम है

देवापगे !


जिसके बीचोबीच तुम खड़ी हो

ऊर्ध्वस्व धारा

आदि सरस्वती का आदि भाव

उसी में समाओ प्रिये !


मैं वहां नहीं हूं !

 

Shamsher Bahadur Singh
About the poet

Shamsher Bahadur Singh

शमशेर बहादुर सिंह 13 जनवरी 1911- 12 मई 1993 आधुनिक हिंदी कविता की प्रगतिशील त्रयी के एक स्तंभ हैं। हिंदी कविता में अनूठे माँसल एंद्रीए बिंबों के रचयिता शमशेर आजीवन प्रगतिवादी विचारधारा से जुड़े रहे। तार सप्तक से शुरुआत कर चुका भी नहीं हूँ मैं के लिए साहित्य अ…

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like