मिरे सीने से तेरा तीर जब ऐ जंग-जू निकला

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़शेख़ इब्राहीम ज़ौक़1 Aug 1790 – 1 Nov 1854

1 min read · 12.4K reads

मिरे सीने से तेरा तीर जब ऐ जंग-जू निकला

दहान-ए-ज़ख़्म से ख़ूँ हो के हर्फ़-ए-आरज़ू निकला

मिरा घर तेरी मंज़िल-गाह हो ऐसे कहाँ तालए

ख़ुदा जाने किधर का चाँद आज ऐ माह-रू निकला

फिरा गर आसमाँ तो शौक़ में तेरे है सरगर्दां

अगर ख़ुर्शीद निकला तेरा गर्म-ए-जुस्तुजू निकला

मय-ए-इशरत तलब करते थे नाहक़ आसमाँ से हम

वो था लबरेज़-ए-ग़म इस ख़ुम-कदे से जो सुबू निकला

तिरे आते ही आते काम आख़िर हो गया मेरा

रही हसरत कि दम मेरा न तेरे रू-ब-रू निकला

कहीं तुझ को न पाया गरचे हम ने इक जहाँ ढूँडा

फिर आख़िर दिल ही में देखा बग़ल ही में से तू निकला

ख़जिल अपने गुनाहों से हूँ मैं याँ तक कि जब रोया

तो जो आँसू मिरी आँखों से निकला सुर्ख़-रू निकला

घिसे सब नाख़ुन-ए-तदबीर और टूटी सर-ए-सोज़ान

मगर था दिल में जो काँटा न हरगिज़ वो कभू निकला

उसे अय्यार पाया यार समझे 'ज़ौक़' हम जिस को

जिसे याँ दोस्त अपना हम ने जाना वो उदू निकला

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़
About the poet

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़

उपनाम : 'ज़ौक़' मूल नाम : शेख़ मोहम्मद इब्राहीम जन्म : 01 Aug 1790 निधन : 01 Nov 1854 संबंधी : ज़हीर देहलवी (शिष्य), मोहम्मद हुसैन आज़ाद (शिष्य), अनवर देहलवी (शिष्य) उर्दू ज़बान और मुहावरे पर ज़बरदस्त गिरफ़्त रखने वाले शायर और नस्र (गद्य) में मुहम्मद हसन आज़ाद और…

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like