हुए क्यूँ उस पे आशिक़ हम अभी से

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़शेख़ इब्राहीम ज़ौक़1 Aug 1790 – 1 Nov 1854

1 min read · 12.4K reads

हुए क्यूँ उस पे आशिक़ हम अभी से

लगाया जी को नाहक़ ग़म अभी से

दिला रब्त उस से रखना कम अभी से

जता देते हैं तुझ को हम अभी से

तिरे बीमार-ए-ग़म के हैं जो ग़म-ख़्वार

बरसता उन पे है मातम अभी से

ग़ज़ब आया हिलें गर उस की मिज़्गाँ

सफ़-ए-उश्शाक़ है बरहम अभी से

अगरचे देर है जाने में तेरे

नहीं पर अपने दम में दम अभी से

भिगो रहवेगा गिर्या जैब ओ दामन

रहे है आस्तीं पुर-नम अभी से

तुम्हारा मुझ को पास-ए-आबरू था

वगरना अश्क जाते थम अभी से

लगे सीसा पिलाने मुझ को आँसू

कि हो बुनियाद-ए-ग़म मोहकम अभी से

कहा जाने को किस ने मेंह खुले पर

कि छाया दिल पे अब्र-ए-ग़म अभी से

निकलते ही दम उठवाते हैं मुझ को

हुए बे-ज़ार यूँ हमदम अभी से

अभी दिल पर जराहत सौ न दो सौ

धरा है दोस्तो मरहम अभी से

किया है वादा-ए-दीदार किस ने

कि है मुश्ताक़ इक आलम अभी से

मरा जाना मुझे ग़ैरों ने ऐ 'ज़ौक़'

कि फिरते हैं ख़ुश-ओ-ख़ुर्रम अभी से

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़
About the poet

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़

उपनाम : 'ज़ौक़' मूल नाम : शेख़ मोहम्मद इब्राहीम जन्म : 01 Aug 1790 निधन : 01 Nov 1854 संबंधी : ज़हीर देहलवी (शिष्य), मोहम्मद हुसैन आज़ाद (शिष्य), अनवर देहलवी (शिष्य) उर्दू ज़बान और मुहावरे पर ज़बरदस्त गिरफ़्त रखने वाले शायर और नस्र (गद्य) में मुहम्मद हसन आज़ाद और…

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like