रात ने अपनी राख उठाई दिन रक्खा दरवाज़े पर
जमने लगी थीं कोहर में आहें कौन रुका दरवाज़े पर
अरबों लोगों तक जाना था सब का हिस्सा पहुँचाना था
बूढ़ा दिन भी ख़ूब थका तो आन गिरा दरवाज़े पर
दो आँखें और ख़्वाब हज़ारों रेशम के जुज़दानों में
कौन मुसाफ़िर अपना सामाँ छोड़ गया दरवाज़े पर
नम आँखों से जाने वाला कैसा वा'दा सौंप गया
एक यक़ीं का बीज गिरा और पेड़ उगा दरवाज़े पर
गली की कच्ची बर्फ़ पे किस के पैरों का है ताज़ा नक़्श
बे-दस्तक जो लौट गया कौन आया था दरवाज़े पर
उस इक रख़्त-ए-सफ़र की ख़ुशबू सारे सफ़र में साथ रही
उस ने चलते वक़्त जो हात पे बोसा दिया दरवाज़े पर
कभी न आने वाले एक मुसाफ़िर के इम्कान अंदर
शब-भर बेल पर कान रहे और ध्यान रहा दरवाज़े पर








