अम्मी जवाब दीजिए मेरे सवाल का
आता नहीं समझ में कि ये क्या है माजरा
करती हैं आप हम को नसीहत ये बार बार
होता है झूट बोलने वाला गुनाहगार
क्या बात है मगर कि जो हम-साई आई थी
नन्हे की उम्र आप ने क्यूँ कम बताई थी
अब्बा थे घर में आज मगर उन के दोस्त से
घर में नहीं हैं वो ये कहलवाया किस लिए
चाचा मिठाई लाए थे परसों जो शाम को
दी थी हमें तो आप ने थोड़ी सी नाम को
उस को छुपा कि कहने लगीं ख़त्म हो गई
उस वक़्त झूट कहना न थी बात क्या बुरी
अम्मी हमें न ग़ुस्से से आँखें दिखाइए
क्या वाक़ई है झूट बुरा ये बताइए








