साए का इज़्तिराब - नज़्म

सरवत ज़ेहरासरवत ज़ेहरा5 May 1972

1 min read · 12.4K reads

आज तुम तक पहुँच कर

तुम्हारी आँखों के आईनों में झाँक कर

ख़ुद को टटोला

तो मालूम हुआ कि

मेरा जिस्म तो तुम तक आते आते

कहीं बीच रस्ते में गुम हो गया था

मेरा दिल!!

किसी और सीने में दबा दिया गया था

मिरे होंट

सुर्ख़ियों की तहों के नीचे

पड़े पड़े सियाह हो चुके थे

मेरी ख़ुश्बू

जो मैं तुम्हारे लिए ला रही थी

किसी पिछले झोंके ने

अपने जिस्म में टाँक ली थी

मेरा ख़्वाब

अपनी रात की कोख में

ग़लती से किसी और के लिए

सुब्ह का पहला हर्फ़ रख चुका था

मेरे क़लम की रौशनाई को

लफ़्ज़ का एक समुंदर पी चुका था

और मेरी आँखों की पुतलियों में नाचती रौशनी की

किसी सराब से दोस्ती हो चुकी थी

और अब वो शायद इसी के साथ बह रही है

सो अब तुम्हारी आँखों के आईनों में

मैं नहीं

सिर्फ़ एक साए का इज़्तिराब

डोलता नज़र आ रहा है

सरवत ज़ेहरा
About the poet

सरवत ज़ेहरा

मूल नाम : सरवत ज़ेहरा जन्म : 05 May 1972 | कराची, सिंध

View profile & all 45 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like