लो शाम हो रही है
और उस ने हमारे चेहरे चोरी करने शुरूअ' कर दिए हैं
तुम छोटे चोर हो
मैं छोटा चोर नहीं
समुंदर में उतरा
तो समुंदर ने मेरे कपड़ों का कोई रंग न चुराया
हाँ थोड़े से मेरे साँस ज़रूर
उस ने चोरी कर लिए थे
मालूम होता है ये भी चोर है
तुम ने कभी मिट्टी में ग़ोता लगाया है
मिट्टी चोरी करना बड़ा मुश्किल काम है
अगर मैं ने मिट्टी में ग़ोता लगाया
तो वो मेरे सारे साँस चोरी कर लेगा
तो फिर ये बंदा चोर चोर नहीं रहेगा
रास्ते में तो कई राहें रंगी हुई हैं
और अन-देखे ने बाज़ जगह
एक ही रंग रंगा हुआ है
तुम ग़ारों के रंग चोरी कर सकते हो
सच पूछो तो सब से बड़ा रंग-चोर सूरज है
रंग तक पहुँचते पहुँचते ये तुम्हें कई रंग दिखा जाएगा
देखना आईने में हमारी आँखें एक सी तो नहीं लग रहीं
कभी हवा को भी शीशा कहते हैं
देख हवा तेरे कपड़े भी पकड़ रही है और मेरे भी
कहीं ये भी तो चोर नहीं
तुम चोरी करने निकले हो कि रंग होने
देखो समुंदर जब पत्थर की सतह पर आता है
तो सफ़ेद हो जाता है
और हवा जब पेड़ों पे चढ़
नाचती है तो हरी हो जाती है
आदमी जब रोता है
अपने आँसूओं में डूब जाता है
उस वक़्त तुम आदमी का कोई रंग चोरी नहीं कर सकते
बताओ
आसमान का रंग ज़मीन पे कैसे उतरा
तुम्हें इतनी बारीकियाँ बता दूँ
तो ख़ुद चोरी हो जाऊँ
चोरी करो पहले इस पत्थर का रंग भी
इस को जितना तोड़ता हूँ
एक ही रंग की आवाज़ देते हैं ये पत्थर
और रंग चूरा-चूरा हो जाते हैं
पानी भी अपना रंग नहीं निकाल रहा
कहीं ये भी रोता हुआ आदमी तो नहीं
टूटे फूल की गुफ़्तुगू भी ख़ंजर हो गई है
जो फूल शाम में तोड़े थे
उन्हें रात के अँधेरों ने काला कर दिया है
आहिस्ता आहिस्ता चलो
हमारी आहट पा कर कोई रंग छुप न जाए
ये आग बुझ नहीं सकती
आग बुझ गई तो तुम चोर नहीं रहोगे
अंधेरे रौशनियाँ चोरी करते हैं
ये ख़ुद चोर होते हैं
मैं ने चोरी न की तो मेरा घर बे-अंगारा रह जाएगा
मेरी रोटी का रंग सफ़ेद पड़ जाएगा
मेरी भूक रंग रंग पुकारेगी
मुझे टूटे फूलों के पास ले जाएगी
और फूल जानते हैं कि मैं चोर हूँ
जब आँखों की केंचुली चोरी हो जाती है
इंसान ऐसे ही रंग चोरियाँ करने निकल खड़ा होता है
मैं ने समुंदर का रंग चुराया था तो फ़र्श बनाया था
आँखों के रंग चुराए थे तो दीवारें बनाईं थीं
सूरज का रंग चुराया था तो छाँव बनाई थी
भूक का रंग चुराया था तो चूल्हा बनाया था
चुग़ली का रंग चुराया था तो कपड़े सिलवाए थे
और जब आग का रंग चोरी किया
तो मेरी रोटी कच्ची रह गई
पत्थर ख़ामोश हो जाते हैं
और दिये की लौ
ख़ला को फिर से जलाना शुरूअ' कर देती है








