परिंदे की आँख खुल जाती है

सारा शगुफ़्तासारा शगुफ़्ता

1 min read · 12.4K reads

किसी परिंदे की रात पेड़ पर फड़फड़ाती है

रात पेड़ और परिंदा

अँधेरे के ये तीनों राही

एक सीध में आ खड़े होते हैं

रात अँधेरे में फँस जाती है

रात तू ने मेरी छाँव क्या की

जंगल छोटा है

इस लिए तुम्हें गहरी लग रही हूँ

गहरा तो मैं परिंदे के सो जाने से हुआ था

मैं रोज़ परिंदे को दिलासा देने के बअ'द

अपनी कमान की तरफ़ लौट जाती हूँ

तेरी कमान क्या सुब्ह है

मैं जब मरी तो मेरा नाम रात रख दिया गया

अब मेरा नाम फ़ासला है

तेरा दूसरा जन्म कब होगा

जब ये परिंदा बेदार होगा

परिंदे का चहचहाना ही मेरा जन्म-दिन है

फ़ासला और पेड़ हाथ मिलाते हैं

और परिंदे की आँख खुल जाती है

सारा शगुफ़्ता
About the poet

सारा शगुफ़्ता

View profile & all 60 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like