यूँ तो दुनिया भी मुझे रास कहाँ आई है
बज़्म में आते ही लगता है कि तन्हाई है
सच तो ये है कि मुझे रास नहीं आता कुछ
मेरी आदत से मिरी ज़िंदगी उकताई है
ज़ेहन में नाम नहीं चेहरा नहीं है कोई
आज इक रूह को इक रूह की याद आई है
वो मुलाक़ात मिरी जान कुछ इक पल की सही
उस की तस्वीर बड़े फ़्रेम में बनवाई है
मैं ग़ज़ल कहते हुए चाँद तलक हो आई
आसमाँ में भी मिरी सब से शनासाई है








