देख रही मेरी आँखों का दावा है
हर मंज़र में इक तस्वीर अलावा है
उम्र गँवा कर मंज़िल तक तो आ पहुँचे
फिर हम समझे मंज़िल एक छलावा है
रूह की सूरत दिखने में कुछ और है पर
हम जो दिखते हैं वो महज़ दिखावा है
इन ज़ख़्मों को कैसे भर जाने दूँ मैं
इन के दम से मेरे पास मुदावा है
कहाँ हुआ ओझल वो मेरी आँखों से
ध्यान हटा लेना बस एक भुलावा है








