लिख रही हूँ तुम्हें - नज़्म

शहनाज़ नबीशहनाज़ नबी

1 min read · 12.4K reads

लिख रही हूँ तुम्हें

अपने दिल के सुनहरे वर्क़ पे अभी

देखना तुम उजालों की यूरिश में

कैसे निखरती हूँ मैं

मैं ने माना कि गुज़रे दिनों की तमाज़त में झुलसा है मन

मैं ने माना हवस के ख़राजात में मर गया है बदन

शबनमी रात की आस में आँखें बंजर हुईं

चाँद की रौशनी से हवासों पे छाले पड़े

मैं ने सूरज से आँखें चुराने की कोशिश नहीं की कभी

मैं ने अपने लहू को बचा कर रखा था

लिक्खूँगी किसी दिन सुनहरे वरक़ पे वो इक अहमरीं नाम

जिस की चमक मेरे सारे अँधेरों को ज़ाइल करेगी

लिखूँगी हवाओं के आँचल पे तुम को

लिखूँगी मैं इन्द्र-धनुष की कमाँ पर

लिक्खूँगी तुम्हें अपने वहम-ओ-गुमाँ पर

तुम्हें लिख रही हूँ मैं झरनों की धुन पर

तुम्हें लिख रही हूँ मैं चिड़ियों की गत पर

मिरे आँसूओं ने मिरी रूह को नम रखा है अभी तक

तुम्हें लिख रही हूँ मैं उन अंकुरों पर

जिन्हों ने तुम्हें

एक छितनार करने का वा'दा किया है

शहनाज़ नबी
About the poet

शहनाज़ नबी

मूल नाम : शहनाज़ नबी LCCN : n97923745

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like