तुम सूरज मैं रंग-ए-किरन
तुम सागर हो मैं मौज-ए-मगन
तुम खुला समुंदर मैं क़तरा
तुम सच हो और मैं अफ़्साना
तुम रौशन दिन मैं शब-ज़ादी
तुम रौशनियाँ फैलाते हो
ज़र्रा ज़र्रा चमकाते हो
मैं एक पुजारन देव-दासी
चुपके से बाहर आती हूँ
और किरनों की इस बरखा में
अपना तन-मन नहलाती हूँ
तुम जीवन-जोत जगाते हो
और मुझ को भी चमकाते हो
तुम रंग भरा मधू-शाला हो
और मैं तो ख़ाली प्याला हूँ
तुम धरती का उजयाला हो
मैं रात का गहरा सन्नाटा
तुम झिलमिल झिलमिल माला हो
मैं पैर में चुभता इक काँटा
हर मौसम का हो रूप भी तुम
साया भी तुम हो धूप भी तुम
मैं कौन हूँ कोई बताए तो
इस गुत्थी को सुलझाए तो








