ज़मीं सूरज की जानिब धीरे धीरे रुख़ बदलती है

सादिक़ा फ़ातिमीसादिक़ा फ़ातिमी21 Mar 1940

1 min read · 12.4K reads

ज़मीं सूरज की जानिब धीरे धीरे रुख़ बदलती है

अंधेरा ख़ुद ही छटता है सहर ख़ुद ही निकलती है

यूँही पिसते रहोगे वक़्त की गर्दिश में दिल वालो

ख़बर है इंक़लाब-ए-फ़िक्र से क़िस्मत बदलती है

मोहब्बत करने वाले हौसला हारे हसीं अब तक

उन्हीं के दम-क़दम से ज़िंदगी करवट बदलती है

नहीं देखा है उस को हम ने इक मुद्दत से ऐ हमदम

मगर जब भी ख़याल आया है इक ख़्वाहिश मचलती है

ज़माने की रुतों में कैसे कैसे रंग उतरते हैं

कभी नश्शा सा चढ़ता है कभी ममता मचलती है

मिरे ख़्वाबों के गुलशन में बहारें रक़्स करती हैं

मिरी फ़िरदौस-ए-गुम-कर्दा मिरे हमराह चलती है

सादिक़ा फ़ातिमी
About the poet

सादिक़ा फ़ातिमी

जन्म : 21 Mar 1940 | बदायूँ, उत्तर प्रदेश

View profile & all 11 Poems / Stories