वफ़ा की फ़स्ल फिर बोने चली हूँ

रूमाना रूमीरूमाना रूमी

1 min read · 12.4K reads

वफ़ा की फ़स्ल फिर बोने चली हूँ

मैं क्या पाऊँगी बस खोने चली हूँ

जुनूँ की हद से भी आगे क़दम है

न जाने और क्या होने चली हूँ

ये मुमकिन तो नज़र आता नहीं है

अना को अपनी मैं धोने चली हूँ

समुंदर आ गया मेरे मुक़ाबिल

जब उस ने देखा मैं रोने चली हूँ

यही नेकी मुझे ज़िंदा रखेगी

कि बोझ औरों का मैं ढोने चली हूँ

रही हूँ मुज़्तरिब ख़ुद को भी पा कर

फिर अपने आप को खोने चली हूँ

उतर आई है याद आँखों में तेरी

मैं तेरे वास्ते सोने चली हूँ

बहुत है बारिश-ए-आलाम 'रूमी'

हिफ़ाज़त को किसी कोने चली हूँ

रूमाना रूमी
About the poet

रूमाना रूमी

उपनाम : 'रूमी' मूल नाम : रूमाना रूमी

View profile & all 16 Poems / Stories