अपनी दीदा-वरी से डरती हूँ
वर्ना मैं कब किसी से डरती हूँ
अस्ल से नक़ल बढ़ न जाए कहीं
फ़न-ए-सूरत-गरी से डरती हूँ
मुझ को इतना ख़ुदा का ख़ौफ़ नहीं
जितना मैं आदमी से डरती हूँ
दोस्ती की तो बात ही न करो
मैं बहुत दोस्ती से डरती हूँ
तीरगी तो मिरी मुहाफ़िज़ है
हम-नफ़स रौशनी से डरती हूँ
जिस को इंसानियत से प्यार न हो
ऐसे हर आदमी से डरती हूँ
डूब जाऊँ न मैं ख़ुदी में कहीं
इस लिए इस ख़ुदी से डरती हूँ
ख़ुद कहीं दिल कहीं दिमाग़ कहीं
मैं तिरी बंदगी से डरती हूँ
मस्लहत से जो काम लेते हैं
उन की कम-हिम्मती से डरती हूँ
ले न डूबे तुझे ये ऐ 'रूमी'
मैं तिरी ख़ुद-सरी से डरती हूँ








