क्या मिटा दोगे नाम फूलों का

रूमाना रूमीरूमाना रूमी

1 min read · 12.4K reads

क्या मिटा दोगे नाम फूलों का

न करो क़त्ल-ए-'आम फूलों का

रंग-ओ-बू ने भी साथ छोड़ दिया

रफ़्ता रफ़्ता तमाम फूलों का

गुलसिताँ को फ़रोग़ होगा मगर

शर्त है एहतिराम फूलों का

इक न इक दिन हिसाब लेना है

बाग़बाँ से तमाम फूलों का

मौसम-ए-गुल है ये ख़िज़ाँ तो नहीं

क्यूँ है बरहम निज़ाम फूलों का

एक दो का मु'आमला तो नहीं

मसअला है तमाम फूलों का

बिजलियाँ ले रही हैं गिन गिन कर

ग़ालिबन इंतिक़ाम फूलों का

ख़ून-ए-नाहक़ है ये अरे तौबा

सुब्ह ग़ुंचों का शाम फूलों का

यूँ जो मुरझा गए बग़ैर खिले

ग़म है ऐसे तमाम फूलों का

है सभी की निगाह में 'रूमी'

आज कर्ब तमाम फूलों का

रूमाना रूमी
About the poet

रूमाना रूमी

उपनाम : 'रूमी' मूल नाम : रूमाना रूमी

View profile & all 16 Poems / Stories