ज़िंदगी से पलायन के बाद
कुछ नहीं बचता आदमी के पास
यहाँ तक कि उसका आदमी होना भी
गुम हो जाता है समुद्र में बूँद की तरह।
संघर्ष से ऊबने के बाद
ख़त्म हो जाती हैं कुछ अर्जित हो पाने की संभावनाएँ
यहाँ तक कि साँसों की रहगुज़र के लिए
कठिन हो जाता है अभेद्य दीवार को भेद पाना।
कुछ नहीं होता ऐसे समय के बाद
जब लोगों में घर कर जाता है यह विचार
कि रह ही नहीं गई है आत्मा उनकी देह के पास
और वे अपने को बिकने से बचा नहीं पा रहे हैं।
ऐसे समय में
जब होड़ जिजीविषा के लिए नहीं
हिंसा और विभीषिका के लिए है
तब नहीं रह जाता किसी नैतिकता का कोई औचित्य।
जब संवेदना बन जाती है संज्ञाशून्य
तब रिसने लगता है
चारों दिशाओं से अविरल सन्नाटा
व्याप्त हो जाता है हर कहीं पर
अवसादग्रस्त बियाबान-सा अँधेरा
ज़िंदगी से पलायन के बाद।








