लोग सपने देखते हैं
और भूल जाते हैं सपनों के अर्थ
समय आता है हुँकारता हुआ
युद्धोन्माद की तरह
और चला जाता है बहता हुआ
ढलान पर पानी की तरह
गोया किसी-किसी को याद नहीं
कि लोग अब सपनों में भी
सहते हैं महासमर की यातनाएँ
और जीते हैं वहाँ
जहाँ ज़ख़्म हैं हरे हुए!








