बेलौस ज़िंदगी का तरफ़दार हूँ मैं

ऋतु कुमार ऋतुऋतु कुमार ऋतु29 Mar 1970 – 14 Aug 2010

1 min read · 12.4K reads

यह कैसा रास्ता है

जो न ठहरा है और न ही जाता है

किसी गंतव्य की ओर

मगर मैं ज़िंदगी का मुसाफ़िर हूँ

मुझे संधान करने हैं शब्द।

मैं रचना चाहता हूँ

हाड़-मांस का एक नया संसार

जिसके लिए सिद्ध करना है यह रास्ता

और पहुँचना है गंतव्य तक।

जब तक छू न लूँ

ज़िंदगी के उत्स

सौंप न दूँ साँसों को सूर्य की अंतिम किरण

नहीं करना है किसी अनिच्छा से कोई समझौता

होना नहीं है असमय के आगे नतमस्तक

करना नहीं है किसी देवपुरुष के आगे आत्मसमर्पण

मैं पाना चाहता हूँ ज़िंदगी के उत्स।

फलाँगता हूँ अत्याचारियों के चक्रव्यूह

समुद्री ज्वार-भाटा और धरा के ज्वालामुखी पार करता हूँ

लाशों के अंबार, श्मशान का हिमायती नहीं हूँ

गाता हूँ प्राणों के दृश्य-गान

बेलौस ज़िंदगी का तरफ़दार हूँ मैं।

ऋतु कुमार ऋतु
About the poet

ऋतु कुमार ऋतु

बीसवीं सदी के अंतिम वर्षों में उभरे कवि। कम आयु में दिवंगत। उपनाम : 'रामलखन यादव' जन्म : 29/03/1970 | हरदोई, उत्तर प्रदेश निधन : 14/08/2010 | दिल्ली, दिल्ली

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like