अँधेरे में घिरे हुए लोग
अनभिज्ञ हैं अँधेरे के लंबे विस्तार से
पूछते हैं कहाँ है अँधेरा
धूप तो सिर चिटका रही है
और कपड़े आईने से भी तेज़ चमक रहे हैं।
अँधेरे में घिरे हुए लोग
तरकारी और राशन लेकर लौटते हैं घर
और लगा लेते हैं गुणा-भाग का सारा गणित
कहते हैं, हिसाब में तो कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है
सिर्फ़ काम पर जाकर
बस से घर लौटने का किराया नहीं बचा है।
अँधेरे में घिरे हुए लोग
क़र्ज़ के बोझ तले दबकर पार कर जाते हैं
एक दुर्दैव यातना
और दम तोड़ते हुए देखते हैं
एक अलौकिक प्रकाश
और अँधेरे में मरते हुए भी नहीं कह पाते
कि उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा है।
अँधेरे में घिरे हुए लोग
हर रोज़ ख़रीदते हैं सबसे ज़्यादा बिकने वाला अख़बार
पढ़ते हैं सबसे ज़्यादा ख़बरें लूटमार की
धोखाधड़ी, बलात्कार की
और दिन-दहाड़े आँखों में धूल झोंकने के मुहावरे भी गढ़ते हैं
और कहते हैं कि अँधेरा तो कहीं नहीं है यहाँ
शब्द तो इतने साफ़-साफ़ पढ़े जा रहे है।








