वो अभी सोच के उठा है मुझे
ये सच है या मुग़ालता है मुझे
एक टूटी हुई इमारत हूँ
आज-कल कौन देखता है मुझे
मैं यहाँ हर शजर से वाक़िफ़ हूँ
दश्त मुद्दत से जानता है मुझे
सच तो बोलों मगर सलीक़े से
रोज़ ये मशवरा मिला है मुझे
मेरे अंदर से कोई चीख़ता है
और मैं चुप हूँ क्या हुआ है मुझे
मौत ने रूह भर निकाली है
फ़िक्र ने पहले खा लिया है मुझे








