बाज़ार में

Ravindra Swapnil Prajapatiरवीन्द्र स्वप्निल प्रजापति

2 min read · 12.6K reads

इस बाज़ार में तुम एक लड़की हो और मैं एक लड़का हूँ

हमारी उम्र ग्लोसाइन बोर्ड की रोशनी में छुपा दी गई

कांच में चमकते हुए हम चिर युवा दिख रहे हैं

हम बाज़ार का सबसे सुलभ औज़ार हैं

तुम बिस्तर पर लेट कर विज्ञापन कर रही हो

और मैं बता रहा हूँ जंगल में रात कितनी सुंदर है

बिस्तर के विज्ञापन में तुम्हारा शरीर लयात्मक हो उठा है

सामानों की एक लंबी रेंज शरीर की दम पर

लहरों पर तैरते कचरे की तरह गतिशील बनी है

बॉथटब साबुन मॉड्यूलर किचिन लेगिंग्स

इनरवियर फ्लाइट और टूरिज़्म के विज्ञापन

सभी में तुमको एक टीनेजर बना दिया गया है

दूसरी तरफ़ जींस के विज्ञापन में मेरा पेट सपाट है

मस्चराइज कॉटन के कपड़ों में पसीना सूख गया

विज्ञापनों में हम प्यार करते हुए कितने युवा हो गए

हमारा प्यार सुगंधित फूल जैसा है

जिसे तुमने स्तनों की सीवन पर रख लिया है

रोशनी की दुनिया में हम

अपनी ही ख़ूबसूरती की परिभाषा में बदल गए

रात की बेहोश दुनिया में चमकती नियोन लाइटें

हमारे होने से ज़िंदगी का हिस्सा लग रही हैं

मैं अपने सीने से गुलाब को गिरने से बचा रहा हूँ

तुम लेट गई हो वन लाइनर की तरह उसी बिस्तर पर

जिसे विज्ञापन में दिखा रही थीं

हम अपने समय के वन लाइनर हैं

होर्डिंग और विज्ञापनों पर पंचलाइन की तरह लिखा जाता है!

Ravindra Swapnil Prajapati
About the poet

Ravindra Swapnil Prajapati रवीन्द्र स्वप्निल प्रजापति

जन्म : १५ जून १९७०, भोपाल में। शिक्षा : एम. ए. (हिंदी), बी. एड. फिल्म स्क्रिप्ट रायटिंग में डिप्लोमा। कार्यक्षेत्र : ६ साल तक अध्यापन के बाद अब राज एक्सप्रेस हिंदी में उपसंपादक। अनेक कहानियाँ, कविताएँ और आलेख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित।

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like