बिक जाएँगे हम हुस्न-ए-ख़रीदार अगर है

रशीद हसरतरशीद हसरत

1 min read · 12.4K reads

बिक जाएँगे हम हुस्न-ए-ख़रीदार अगर है

निमटेंगे कोई बरसर-ए-पैकार अगर है

कल उस से हमेशा को तिरी जान छुटेगी

इक रात का मेहमान है बीमार अगर है

बस एक नज़र दिल के सहीफ़े की तरफ़ देख

फिर शौक़ से कर जान तू इंकार अगर है

होंटों को भले जुम्बिश-ए-अल्फ़ाज़ गराँ हो

आँखों ही से कर डालिए इज़हार अगर है

लो कल से नई सम्त का करते हैं तअ'य्युन

ऐ दोस्त बिछड़ने का ही इसरार अगर है

हम जिस के लिए उम्र गँवा बैठे हैं यारो

रख लेगा भरम साहब-ए-किरदार अगर है

ऐ जान-ए-'रशीद' इस का सबब तुम तो नहीं हो

ये ख़ाक-नशीं जान से बेज़ार अगर है

रशीद हसरत
About the poet

रशीद हसरत

View profile & all 31 Poems / Stories