फिर गली आ गई दर्द की
फिर किसी चारागर का पयाम आएगा
ज़ख़्म का चाँद निकलेगा फिर
मरहमे-ख़ाके-राहे-वफ़ा माँगता
हिज्र की इंतिहा पूछता
जागने का सिला माँगता
सुबह के हक़ में कोई दुआ माँगता
ज़ख़्म का चाँद निकलेगा फिर
फिर किसी चारागर का पयाम आएगा
आज की रात के दर्द का सिलसिला
क्या पता किस मसीहा के काम आएगा
फिर गली आ गई दर्द की
नम हुई फिर ज़मीं
फिर गिरेबाँ की आँखें खुलीं
साँस लेने लगी आस्तीं
मक़्तले-आरज़ू,
मक़्तले-अहले-दिल आस-ही-पास होगा कहीं
ठीक से रास्ता पूछ लो
ज़ख़्म के चाँद से
क़ातिलों का पता पूछ लो
फिर निकालो कफ़न
अपने सर
अपना रख़्ते-सफ़र बाँध लो
फिर गली आ गई दर्द की








