मरियम बेटी
जब तू आकर मेरी गोद में घुस जाती है
तब मुझको ऐसा लगता है
जैसे जाड़े की एक धुँधली सुबह,
रज़ाई कुहर की सर से फेंक के
घर में आ बैठी है
मेरे दिल का हर गोशा गर्मा जाता है
मेरी बूढ़ी आँखों से आँसू के क़तरे बहकर गालों तक आते हैं
जैसे छत से
परछाईं की गुड़िया लेकर
धूप-आँगन में उतर आती है
तू ही मेरी धूप है,
मेरी परछाईं भी








