इस दुनिया में
चश्म-ओ-ज़बाँ के
नुत्क़-ओ-बयाँ के
या दिल-ओ-जाँ के
कितने रिश्ते टूट गए हैं
ऐ दिल आख़िर
किस कारन रंजीदा होना
किस के लिए नम-दीदा होना
पागल ये तो सच्चाई है
सच्चाई पर रोना कैसा
पलक डोर में हीरे लाल पिरोना कैसा
दर्द का तूफ़ाँ आँख नगर में फैल गया तो
क्या दुख है और कैसा ग़म है
सच का हर इरफ़ान अहम है
ऐ दिल मेरे पागल जोगी
मुट्ठी-भर इक बार तो जी ले
जीवन-विश दो घूँट तो पी ले
मन-चुनरी काँटों से सी ले
ऐ दिल मेरे पागल जोगी
मत बन रोगी
आख़िरी सुब्ह कभी तो होगी








