ख़ुद-फ़रेबी है दग़ा-बाज़ी है अय्यारी है

रफ़ीआ शबनम आबिदीरफ़ीआ शबनम आबिदी7 Dec 1943

1 min read · 12.4K reads

ख़ुद-फ़रेबी है दग़ा-बाज़ी है अय्यारी है

आज के दौर में जीना भी अदाकारी है

तुम जो परदेस से आओ तो यक़ीं आ जाए

अब के बरसात ये सुनते हैं बड़ी प्यारी है

मेरे आँगन में तो काँटे भी हरे हो न सके

उस की छत पे तो महकती हुई फुलवारी है

चूड़ियाँ काँच की क़ातिल न कहीं बन जाएँ

सेहर-अंगेज़ बुरी उन की गुलू-कारी है

काश बिजली कोई चमके कोई बादल बरसे

आज की शाम ज़मीनों पे बहुत भारी है

खा गई गर्मी-ए-जज़्बात को रस्मों की हवा

आज हर शख़्स फ़क़त बर्फ़ की अलमारी है

मैं भी राधा से कोई कम तो नहीं हूँ 'शबनम'

साँवले रंग का मेरा भी तो गिरधारी है

रफ़ीआ शबनम आबिदी
About the poet

रफ़ीआ शबनम आबिदी

उपनाम : 'रफ़िया शबनम आबिदी' मूल नाम : रफ़ीआ शबनम आबिदी जन्म : 07 Dec 1943 LCCN : n84031618

View profile & all 38 Poems / Stories