आकाश

Radhavallabh Tripathiराधावल्लभ त्रिपाठी15 Feb 1949

1 min read · 12.4K reads

क्या करे यह आकाश?
हवा की तरह वह बह नहीं सकता
आग की तरह जला नहीं सकता
पानी की तरह धाराओं में नहीं बँट पाता
धरती की तरह नहीं उठा सकता बोझ

हवा में स्पर्श है
आग में रूप है
पानी में है रस
धरती में रमी है गंध
पर आकाश में है ही क्या?
उसका तो होना, न कुछ होने में ही
वह भी ललचता है स्पर्श के लिए
वह भी चाहता है रूप
उसे भी गर्मी चाहिए
वह भी माँगता है रस
गंध का लोभ उसमें
वह घट-घट में घुसता है
मठ-मठ में करता है प्रवेश
पर नहीं मिलती उसे अलग पहचान
कहते हैं पंडितजन
घटाकाश हो या मठाकाश
आकाश तो है केवल आकाश
गगनचुंबी इमारतों के जंगल में
वह भटकता है बदहवास
उसे सब ओर से पीस रही हैं इमारतों की घनी पाँतें
डराता है उसे धुआँ
पाइपों से फूटता
आकाश ढूँढ़ता फिरता है अपना ख़ुद का आकाश
आकाश के लिए
कहीं नहीं है अवकाश
क्या करे बिचारा आकाश?

Radhavallabh Tripathi
About the poet

Radhavallabh Tripathi राधावल्लभ त्रिपाठी

राधावल्लभ त्रिपाठी (जन्म- 15 फ़रवरी, 1949, राजगढ़, मध्य प्रदेश) प्रसिद्ध साहित्यकार हैं। मुख्यत: वे संस्कृत भाषा के प्रतिष्ठित साहित्यकार के रूप में जाने जाते हैं। उनके द्वारा रचित कविता-संग्रह 'संधानम्' के लिये उन्हें सन 1994 में 'साहित्य अकादमी पुरस्कार' से…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like