परिभाषाओं से परे - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

8 min read · 12.4K reads

प्रेम में
व्यक्ति
अपने प्रिय के लिए रचता है
बाहर और भीतर
एक नई दुनिया

प्रेम के अनुकूल
और उसके ही
प्रेम से बनी
जैसे कोरे काग़ज़ पर
वह लिखता है
प्रेम के लिए चिट्ठी
प्रेम की सारी परिभाषाओँ से अलग।

प्रेम की नई भाषा
अपने अनोखे प्रिय के
समर्पित प्यार के लिए
वैसे ही
वह उसके लिए
बनाना चाहता है नया घर
प्रेम-घर।

अतीत के सभी चिन्हों को मिटाकर
बीते हुए एकाकीपन से पियराये
और गली हुई उदास साँसों से
धुआँई दीवार पर
अपने प्यार की चमकती साँसों से
धवल कर देना चाहता है
ज़िन्दगी के अकेलेपन की
कालिख हुई दीवार को

प्रिय के प्यार के
सुख के लिए
रचना चाहता है
एक नया संसार
जो किसी भी दुनिया से
सुन्दर हो
और उसके कहे की तरह
विश्वसनीय

प्रकृति की बदनीयती से भी
बचाकर रखना चाहता है
अपना प्यार

प्रकृति की दैविक, दैहिक और भौतिक आपदाओं से
परे रखना चाहता है वह
अपना प्यार और प्रिय

प्रकृति को
सबसे सुन्दर सृष्टि के रूप में
बचाए रखना चाहता है
अपना प्रिय
और उसके लिए
प्रकृति

प्रकृति से मिटा देना चाहता है
वह हिंसा का खून
और अविश्वास का झूठ
कि उसकी प्रिया के ह्रदय से
डर मिट सके।

अपने जीवन का
सर्वोत्तम सौंपकर
पृथ्वी की ओर से
अपनी प्रिया की
आँखों में विश्वास का संसार
रचना चाहता है वह

निर्भय होकर
अपनेपन से भरकर
उसके भुजपाश में सिमटकर
विश्वास के वक्ष का आलिंगन
ले सके
जैसे पक्षी …।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like